
संवाददाता नागेंद्र सिंह राजपूत
देवास। शहर के बांगर क्षेत्र स्थित अमलतास अस्पताल के गर्ल्स हॉस्टल में बीती रात हुई चौंकाने वाली घटना ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया। चोरी की नीयत से हॉस्टल में घुसा एक युवक छात्रा को अकेला पाकर उसकी अस्मत पर हमला करने की नीयत से आगे बढ़ा, लेकिन छात्रा ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया। आरोपी ने छात्रा पर चाकू से जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 18 जून की रात करीब 1 बजे की है, जब संजय परमार उर्फ संजू परमार (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम बांगर, सीतला माता मंदिर के पास, चोरी की मंशा से अमलतास अस्पताल के गर्ल्स हॉस्टल में दाखिल हुआ। आरोपी पहले अस्पताल में मजदूरी कर चुका था, जिससे उसे हॉस्टल के रास्तों की जानकारी थी। वह खेतों की दिशा से दीवार फांदकर छत के रास्ते हॉस्टल में दाखिल हुआ और बाथरूम से होते हुए छात्रा के कमरे तक पहुंच गया।
छात्रा उस समय गहरी नींद में थी। आरोपी ने चाकू निकालकर उसे डराया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। छात्रा ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे घबराकर आरोपी ने उस पर चाकू से वार करने की कोशिश की और भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया के निर्देशन में चार से अधिक टीमें बनाई गईं। पुलिस ने 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और 42 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों, निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। उसका कहना है कि वह चोरी के इरादे से हॉस्टल में घुसा था, लेकिन छात्रा को अकेला देखकर उसकी नीयत बदल गई और उसने छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं
109(1) (रात्रि में घर में अनधिकृत प्रवेश),
331(7) (दुष्कर्म का प्रयास),
74 (छेड़छाड़),
75(1), 75(2) (धमकाना, हथियार दिखाना),
115(2) (हत्या का प्रयास),
351(3) (महिला के विरुद्ध अपराध)
के तहत गंभीर प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
इस घटना के बाद अमलतास हॉस्पिटल प्रबंधन और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्राओं और उनके परिजनों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हॉस्टल सुरक्षा की जांच की जाएगी




