
जिला जेल देवास में गणेश उत्सव का भव्य आयोजन
महानिदेशक वरुण कपूर (IPS) हुए मुख्य अतिथि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बाँधा समाँ
संवाददाता नागेंद्र सिंह राजपूत
देवास। जिला जेल देवास में गुरुवार को गणेश उत्सव के उपलक्ष्य में जेल गेट के राजा की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जेल परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री वरुण कपूर (आईपीएस), महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएँ शामिल हुए। साथ ही श्री संजय पाण्डेय, अतिरिक्त महानिरीक्षक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएँ भोपाल तथा श्री मनोज साहू, अधीक्षक केन्द्रीय जेल उज्जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि का स्वागत जेल अधीक्षक श्रीमती हिमानी मनवारे एवं उपअधीक्षक श्री अनिल दुबे ने पुष्पगुच्छ और साफा पहनाकर किया। स्वागत भाषण में श्री मनोज साहू ने आयोजन की सराहना की।
गणेश महोत्सव पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला बंदियों ने “जय देव जय देव” भजन पर मराठी वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं पुरुष बंदियों ने “गजा-गजा गण राजा” भजन पर आकर्षक नृत्य किया। इसके साथ ही स्थानीय भजन गायक श्री द्वारका मंत्री और उनकी मंडली ने भजनों की सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें जेल अधीक्षक श्रीमती हिमानी मनवारे ने भी अपनी सहभागिता निभाई। भजनों और मंत्रोच्चारण से पूरा माहौल भक्तिरस में डूब गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त महानिरीक्षक श्री संजय पाण्डेय एवं विशेष अतिथि श्री बृजेंद्र सिंह (क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी, बैंक ऑफ बड़ौदा, मध्यप्रदेश) ने मुख्य अतिथि के कार्यों और योगदान का उल्लेख किया तथा आयोजन की प्रशंसा की।
अपने संबोधन में महानिदेशक श्री वरुण कपूर (IPS) ने कहा कि –
“जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधारगृह है। यहाँ शिक्षा, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बंदियों को नया दृष्टिकोण और जीवन जीने की प्रेरणा दी जाती है। समाज के भटके हुए व्यक्तियों को सुधार कर मुख्यधारा में लौटाना ही हमारी बड़ी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने आगे कहा कि –
“कम संसाधनों के बावजूद जिला जेल Dewas में जिस स्तर का कार्यक्रम हुआ है, वह न केवल सराहनीय है बल्कि मेरे सेवाकाल के सबसे यादगार आयोजनों में से एक है।”
कार्यक्रम का समापन महाआरती और गणेश उत्सव की शुभकामनाओं के साथ हुआ।






